March 7, 2026

फरीदाबाद में दिव्यांगों व वरिष्ठ नागरिकों के लिए जांच-माप शिविर आयोजित

Faridabad/Alive News: उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस सोसाइटी आयुष सिन्हा, आईएएस के निर्देशानुसार तथा सचिव बिजेंद्र सोरौत के मार्गदर्शन में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा बाल भवन में दिव्यांग एवं असहाय वरिष्ठ नागरिकों के लिए जांच-माप शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर रेडक्रॉस पुनर्वास केंद्र, एलिम्को नवादा फरीदाबाद एवं दिल्ली स्थित इंटरनेशनल रिहैब सेंटर फॉर डिसेबल्ड के सहयोग से आयोजित हुआ।

शिविर में 87 दिव्यांगजन व वरिष्ठ नागरिकों की जांच की गई, जिनमें सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु पंजीकरण किया गया। इनमें कैलिपर, हियरिंग एड, स्मार्टफोन, ब्रेल किट, स्प्लिंट, बैसाखी सहित अन्य उपकरण शामिल हैं। कुल 47 दिव्यांगजनों का माप लेकर अगले माह तक निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की गई।

कार्यक्रम में जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा डागर ने रेडक्रॉस की गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे बच्चों व दिव्यांगजनों के लिए उपयोगी बताया। वहीं उपाधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने रेडक्रॉस की सामाजिक सेवाओं व पूर्व में मिले राष्ट्रपति पुरस्कार का उल्लेख किया।

शिविर में डॉ. मनीष सूद ने बताया कि पात्र लाभार्थियों को शीघ्र ही निःशुल्क उपकरण वितरित किए जाएंगे। दिव्यांगजनों ने इस पहल को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण बताया।