Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 9 जनवरी को फरीदाबाद के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सूरजकुंड स्थित होटल राजहंस में आयोजित एक दिवसीय प्री-बजट मंथन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने होटल राजहंस में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। यह बैठक HSIIDC विभाग द्वारा आयोजित की जा रही है।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होने वाले इस कार्यक्रम में दो सत्र होंगे। पहले सत्र में उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की जाएगी, जबकि दूसरे सत्र में स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञों और उद्यमियों से सुझाव लिए जाएंगे। इन सुझावों के आधार पर राज्य के आगामी बजट को और बेहतर व जनहितैषी बनाने पर मंथन किया जाएगा।
उपायुक्त ने अधिकारियों को मंच, बैठने की व्यवस्था, बिजली, पानी, सफाई और चिकित्सा सुविधाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, लॉजिस्टिक व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
डीसी ने साफ निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही न हो। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एडीसी सतबीर मान, जिला परिषद की सीईओ शिखा, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

