September 26, 2026

एनसीसी कैडेट्स को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण, फरीदाबाद में लगाया गया विशेष कैंप

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के जसाना स्थित अरावली कॉलेज एंड मैनेजमेंट में 5 हरियाणा बटालियन एनसीसी और जिला आपदा प्रबंधन टीम (गुरुग्राम) के सहयोग से आपदा प्रबंधन पर आधारित व्यवहारिक प्रशिक्षण कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में सीनियर विंग और सीनियर डिवीजन के एनसीसी कैडेट्स को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

कैंप के दौरान कैडेट्स को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ फायरिंग की विभिन्न अवस्थाओं का अभ्यास कराया गया। कैंप की अध्यक्षता 5 हरियाणा बटालियन एनसीसी के कमांडेंट कर्नल एस.के. कौशिक ने की।

संयुक्त टीम में जिला आपदा प्रबंधन की डिप्टी कमिश्नर (सिविल डिफेंस) सृष्टि और पीओ पूनम दहिया ने कैडेट्स को आपदा प्रबंधन की बुनियादी जानकारी दी। उन्होंने आपदा से बचाव, तैयारी के उपाय और प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के बारे में विस्तार से समझाया।

इस कैंप का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आपदा की स्थिति में सही और प्रभावी तरीके से प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना था। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए आपदाओं के प्रभाव, सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और प्राथमिक उपचार की जानकारी भी दी गई।