March 8, 2026

लिफ्ट के बहाने चलती वैन में सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस कराएगी आरोपितों की शिनाख्त परेड

Faridabad/Alive News: लिफ्ट देकर महिला से चलती वैन में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस अब आरोपितों की शिनाख्त परेड कराने की तैयारी कर रही है। इसके लिए दोनों आरोपितों को बिना रिमांड के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। दूसरी ओर, पीड़िता की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है।
स्वास्थ्य ठीक होने के बाद पीड़िता को नीमका जेल ले जाकर आरोपितों की शिनाख्त कराई जाएगी। यह शिनाख्त परेड मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में होगी। यदि पीड़िता आरोपितों की पहचान कर लेती है तो यह उन्हें सजा दिलाने में एक अहम सबूत साबित होगा।
गौरतलब है कि सोमवार रात महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच-48 ने करीब आठ किलोमीटर लंबे रूट और आसपास के क्षेत्रों में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान आरोपितों की वैन का नंबर ट्रेस किया गया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

वैन भी बरामद
सामूहिक दुष्कर्म के आरोपितों में से एक मूल रूप से मथुरा और दूसरा झांसी का रहने वाला है। वर्तमान में दोनों फरीदाबाद में रह रहे थे। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई वैन भी बरामद कर ली है। पीड़िता का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। सड़क पर गिरने के कारण उसके सिर में चोट भी आई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के कल्याणपुरी इलाके की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति से विवाद चल रहा है, जिस कारण वह मायके में रह रही थी। सोमवार शाम उसकी मां से भी कहासुनी हो गई, जिसके बाद वह अपने दोस्त के घर सेक्टर-23 चली गई। वहां से निकलने में उसे देर हो गई।

ऑटो का इंतजार कर रही थी महिला
महिला रात में ऑटो लेकर एनआईटी दो चौक तक पहुंची, इसके बाद पैदल मेट्रो चौक आ गई। मेट्रो चौक पर वह कल्याणपुरी जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी। रात करीब 12 बजे वैन में सवार दो युवक उसके पास आए और उसे कल्याणपुरी चौक तक छोड़ने की बात कही। इसी दौरान आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया।