August 24, 2026

नौ दिन बाद दर्ज हुआ लूट का मामला, ऑटो चालक और दो साथियों पर आरोप

Faridabad/Alive News: एक ऑटो-रिक्शा ड्राइवर और उसके दो साथियों द्वारा युवक से लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना करीब नौ दिन पहले की है, जिसमें आरोपियों ने युवक से 7 हजार रुपये नकद और अन्य जरूरी दस्तावेज लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पीड़ित की पहचान दीघ गांव निवासी अभय कुमार पांडे के रूप में हुई है। अभय 25 दिसंबर की सुबह नौकरी के लिए इंटरव्यू के बाद बल्लभगढ़ बस स्टैंड पहुंचा था। वहां से उन्होंने दीघ गांव जाने के लिए एक ऑटो-रिक्शा किराए पर लिया, जिसमें चालक के अलावा पहले से दो अन्य युवक सवार थे।
जब ऑटो दीघ गांव के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचा, तो ऑटो चालक और उसके दोनों साथियों ने अभय से 7 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद तीनों आरोपी ऑटो-रिक्शा में बैठकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराने के लिए बस स्टैंड पुलिस चौकी और आदर्श नगर पुलिस थाना के कई बार चक्कर लगाए, लेकिन मामला दर्ज नहीं हो सका। अंततः कुछ दिनों बाद वह सदर थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने ऑटो-रिक्शा चालक और उसके दो साथियों के खिलाफ नकदी और सामान की लूट का मामला दर्ज कर लिया है।