Faridabad/Alive News: राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सीही सेक्टर 8 के प्रांगण में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि पं. ओमदत्त शास्त्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में छात्राओं, शिक्षकों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रोहित कुमार, सामाजिक संस्था जनहित सेवा संस्था फरीदाबाद के अध्यक्ष संत सिंह हुड्डा तथा डॉ. प्रेमचंद योगाचार्य ने मुख्य अतिथि पं. ओमदत्त शास्त्री का पौधा भेंट कर एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत व अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पं. ओमदत्त शास्त्री ने छात्राओं को अनुशासन, शिक्षा तथा आध्यात्मिक संस्कृति एवं यज्ञ के महत्व के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रेमचंद आर्य ने योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के लाभों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रोहित कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि यह सात दिवसीय एनएसएस शिविर सोमवार, 15 दिसंबर को समापन समारोह के साथ संपन्न होगा। कार्यक्रम का मंच संचालन समाजसेवी एवं शिक्षाविद संत सिंह हुड्डा ने किया।

