March 8, 2026

मारपीट के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच सेंट्रल की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के थाना खेड़ीपुल क्षेत्र में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेंट्रल की टीम द्वारा की गई है।

पुलिस के अनुसार, मवई गांव निवासी सुमित ने शिकायत दी थी कि 24 जुलाई को वह अपने दोस्तों के साथ खेत में बैठा हुआ था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार 8–10 युवक वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। हमले में सुमित के हाथ और पैर टूट गए। शिकायत के आधार पर थाना खेड़ीपुल में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने यश नागर (20), कपिल (21) और हिमांशु (20), तीनों निवासी गांव तिगांव, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यश को मुख्य आरोपी राहुल का फोन आया था, जिसके बाद वह अपने साथी कपिल और हिमांशु के साथ मौके पर पहुंचा और मारपीट की। यश, मुख्य आरोपी राहुल का रिश्तेदार (बुआ का लड़का) है। इस मामले में पहले ही 3 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।