Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच AVTS-2 की टीम ने हवाबाजी में फायरिंग करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इन आरोपियों से 9 वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 30 नवंबर की रात पर्वतीय कॉलोनी में कुछ युवकों ने हवाई फायरिंग की थी और लोगों को डराकर मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना सारन में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच AVTS-2 की टीम ने 9 दिसंबर को आशिफ (25), निवासी पर्वतीय कॉलोनी को गिरफ्तार कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। इसके बाद 12 दिसंबर को उसके साथी अजय (24), विशाल (23) और करण (20) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि चारों आरोपियों ने मिलकर हवाबाजी के लिए फायरिंग की थी। आरोपी आशिफ के पास से 1 देसी कट्टा और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
गहन पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी वाहन चोरी की वारदातों में शामिल थे। इनसे थाना मुजेसर के 2 मामलों सहित शहर बल्लभगढ़, सेक्टर-8 सेंट्रल, सारन, पल्ला और आदर्श नगर थाना क्षेत्र से जुड़े कुल 9 वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 7 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आशिफ पर पहले से 30 और अजय पर 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि विशाल और करण का भी आपराधिक रिकॉर्ड है। सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

