March 8, 2026

छायंसा–तिगांव के 70 गांवों के सरपंचों के साथ पुलिस ने की जन-जागरूकता बैठक

Faridabad/Alive News: पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ राजकुमार ने 12 दिसंबर को पुलिस चौकी चांदपुर में छायंसा और तिगांव क्षेत्र के करीब 70 गांवों के सरपंचों और पंचायत सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।

इस बैठक में पुलिस अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने गांव में लोगों को अपराध, नशा और साइबर क्राइम जैसे खतरों के बारे में जागरूक करें। पुलिस ने विस्तार से बताया कि बढ़ते साइबर फ्रॉड, नशे के मामलों और अन्य अपराधों को रोकने के लिए गांव स्तर पर सतर्कता बहुत जरूरी है।

डीसीपी राजकुमार ने अपील की कि गांव में यदि कोई संदिग्ध गतिविधि, अवैध नशा, साइबर धोखाधड़ी, झगड़ा, या शरारती तत्वों की आवाजाही दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि पंचायतों की मदद से गांवों में सुरक्षा और जागरूकता को और मजबूत बनाया जाएगा।

बैठक में एसीपी तिगांव अशोक कुमार, थाना छायंसा प्रबंधक, तिगांव थाना प्रबंधक, चौकी चांदपुर प्रभारी और चांदपुर, घरोड़ा, शाहजहांपुर, रायपुर फज्जूपुर खादर, कौराली, अलीपुर, छायंसा, तिगांव सहित 70 गांवों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।