September 17, 2026

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद एक्शन में फरीदाबाद पुलिस, धरपकड़ की गतिविधि की तेज

Faridabad/Alive News: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस आयुक्त सतेंद्र गुप्ता की ओर से अवैध हथियार रखने और इनको बनाने वालों को पकड़ने के लिए समिति का गठन किया गया है।

पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों को पकड़ने के लिए जनता से भी सहयोग मांगते हुए कंट्रोल रूम का नंबर भी जारी किया है। इसके साथ ही समिति हर माह लाइसेंसशुदा हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भी निरीक्षण करेगी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार कई आपराधिक मामलों में अवैध हथियार सामने आए हैं। यूपी और आसपास के राज्यों से अवैध हथियारों को लेकर यहां पर वारदात को अंजाम दिया जाता है। नौ फरवरी को सेक्टर-56 क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री में छापा मारकर दो लोगों को गिरफ्तार किया था।

यहां से शहर के साथ अन्य कई जगहों पर हथियार सप्लाई किए जाते थे। डबुआ कालोनी में भी अवैध रूप से हथियार बनाते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

सूचना देने वाले का नाम रखा जाएगा गुप्त

पुलिस के अनुसार 9999150000 नंबर पर सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा। संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल ने कहा कि शहर के लोगों को सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए अवैध लाइसेंस रखने वालों को पकड़ना जरूरी है। बिना जनता के सहयोग के यह संभव नहीं होगा।