March 8, 2026

नासा ने सफलतापूर्वक किया सुपरसोनिक विमान का परीक्षण, व्यवसायिक उड़ान उद्योग में आ सकता है बड़ा बदलाव

Delhi/Alive News: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा कम आवाज करने वाला सुपरसोनिक विमान बनाने के और करीब पहुंच गई है। हाल ही में नासा ने सुपरसोनिक जेट विमान का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। ये विमान आवाज की गति से उड़ान भरता है और खास बात ये है कि इसकी आवाज भी आम सुपरसोनिक विमानों से काफी कम है। अगर सबकुछ सही रहता है तो इससे व्यवसायिक उड़ान यात्रा में बड़ा बदलाव हो सकता है। 

मंगलवार को हुआ सफल परीक्षण
इस सुपरसोनिक विमान का निर्माण नासा और अमेरिकी हथियार और एयरोस्पेस निर्माता कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने मिलकर किया है। बीते मंगलवार को इसकी दक्षिणी कैलिफोर्निया के रेगिस्तान के ऊपर सफल परीक्षण उड़ान हुई। गौरतलब है कि 1940 के दशक से ही विमान सुपरसोनिक गति से उड़ान भरने में सक्षम रहे हैं। लेकिन इन सुपरसोनिक विमानों की बहुत तेज आवाज के चलते व्यवसायिक यात्रा के लिए इन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। दरअसल इन विमानों की तेज आवाज डरावना सोनिक बूम पैदा करती है, जिससे लोग परेशान होते हैं और कई बार लोग डर भी जाते हैं। यही वजह रही कि सुपरसोनिक विमानों को प्रतिबंधित कर दिया गया। 

पूर्व में भी सुपरसोनिक विमान भर चुके हैं उड़ान
ब्रिटिश एयरवेज और एयर फ्रांस के सुपरसोनिक विमान कॉनकॉर्ड ने 1970 के दशक में अटलांटिक के ऊपर उड़ानें शुरू कीं। लेकिन तीन साल पहले हुई एक दुर्घटना के बाद और इसकी महंगी सेवा की मांग कम होने के कारण साल 2003 में उन्हें रोक दिया गया। अगर नासा और लॉकहीड मार्टिन सुपरसोनिक विमानों के शोर को कम करने में सफल हो जाते हैं, तो इन सुपरसोनिक विमानों से न्यूयॉर्क शहर और लॉस एंजिल्स के बीच यात्रा के समय लगभग आधा हो सकता है, जिससे व्यवसायिक हवाई यात्रा उद्योग में बड़े बदलाव होंगे।