March 7, 2026

नशा मुक्ति के संदेश के साथ फरीदाबाद से अयोध्या तक साइकिल यात्रा शुरू

Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त हरियाणा” अभियान के तहत, फरीदाबाद से अयोध्या तक साइकिल यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस यात्रा की शुरुआत रोड सेफ्टी ओमनी फाउंडेशन ने सेक्टर-12 टाउन पार्क गेट से की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने साइकिल सवारों को फूल मालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।

यह साइकिल यात्रा हरियाणा पुलिस के डीजीपी ओ.पी. सिंह, उपायुक्त विक्रम सिंह (आईएएस) और पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता (आईपीएस) के निर्देशन में आयोजित की गई। इस मुहिम में सरदार देवेंद्र सिंह, सदस्य स्टेट रोड सेफ्टी काउंसिल हरियाणा सरकार, का विशेष मार्गदर्शन रहा।

फरीदाबाद पुलिस के सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर हुकुम सिंह (उर्फ जय श्री राम हुकुम सिंह) ने बताया कि वे अपने साथियों सतीश अदलखा और विजय तलवार के साथ यह यात्रा कर रहे हैं। तीनों की उम्र 60 वर्ष से अधिक है, फिर भी वे समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।

उन्होंने कहा कि नशा युवाओं को बर्बादी की ओर ले जा रहा है, जिससे अनेक परिवार टूट रहे हैं और सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। नशे में वाहन चलाने पर 5 हजार रुपये का जुर्माना और सजा भी हो सकती है। इसलिए सभी को ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए और नशे से दूर रहना चाहिए।

हुकुम सिंह ने यह भी बताया कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य, पर्यावरण और अर्थव्यवस्था – तीनों के लिए फायदेमंद है। इससे फिटनेस बनी रहती है, प्रदूषण कम होता है और ईंधन की बचत होती है। उन्होंने सभी से सप्ताह में कम से कम दो बार साइकिल चलाने की अपील की।

इस साइकिल यात्रा में पुलिस ताऊ वीरेंद्र सिंह बलहारा, एएसआई सुरेंद्र दहिया, हुकुम सिंह, विजय तलवार, सतीश अदलखा, जतिन गांधी, संजय राजपूत, राकेश नगपाल, जितेंद्र सिंह, सरदार देवेंद्र सिंह और बिजेंद्र सैनी सहित कई लोग शामिल हुए।