March 8, 2026

इस्माइलपुर सबडिवीजन दफ्तर पर कर्मचारियों का हंगामा, एसडीओ के खिलाफ नारेबाजी

Faridabad/Alive News: ग्रेटर फरीदाबाद नहरपार क्षेत्र स्थित 220 केवी सबस्टेशन पल्ला के अंतर्गत आने वाले सबडिवीजन इस्माइलपुर दफ्तर पर मंगलवार को कर्मचारियों ने एसडीओ मनमोहन सिंह के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन (हेड ऑफिस भिवानी-292) के बैनर तले आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता सबडिवीजन प्रधान परवीन शर्मा ने की, जबकि संचालन सचिव नरेश कुमार ने किया।

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि एसडीओ मनमोहन सिंह अपने ही अधीनस्थ कर्मचारियों से बदतमीजी और गाली-गलौच से बात करते हैं। यूनिट ग्रेटर फरीदाबाद के प्रधान सुनील चौहान ने कहा कि एक जिम्मेदार पद पर बैठा अधिकारी यदि कर्मचारियों के साथ ऐसा व्यवहार करता है, तो यह बर्दाश्त के काबिल नहीं है।

आरोप है कि बातचीत के दौरान जब कर्मचारियों ने एसडीओ से शांतिपूर्वक बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने गाड़ी में बैठकर जाने का प्रयास किया और रोकने पर कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। यूनियन ने इस घटना की घोर निंदा करते हुए निगम प्रबंधन से ऐसे गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार वाले अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक एसडीओ खुद कर्मचारियों के सामने आकर अपने व्यवहार के लिए माफी नहीं मांगते, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर टूल डाउन और पेन डाउन हड़ताल की भी जाएगी।

प्रदर्शन के दौरान सन्दीप पंघाल, वीर सिंह रावत, राजेंद्र नेहरा, सुरेंद्र पंघाल, अजय दांगी, राजेश गोदारा, जसवीर फौजी, नरेंद्र मास्टर, राकेश फौजी, मनीष राठौर, कुलदीप, पवन गुज्जर, रोहित नागर समेत भारी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।