March 10, 2026

ड्रीम विजन स्कूल में चलाई जागरूकता मुहिम, 600 बच्चों व अभिभावकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई

Faridabad/Alive News: “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत फरीदाबाद पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग टीम ने ड्रीम विजन पब्लिक स्कूल, शिव नगर में “पुलिस की पाठशाला” का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में लगभग 600 बच्चों और अभिभावकों ने हिस्सा लिया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों और उससे बचाव के तरीकों के बारे में बताया। साथ ही बच्चों को खेलों की ओर प्रेरित किया गया ताकि वे नशे से दूर रह सकें।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों को साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके, शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930, मानस ऐप (1933), यातायात नियमों और पुलिस आपातकालीन नंबर 112 की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के बाद नशा मुक्ति टीम ने संत नगर इलाके में डोर-टू-डोर सर्वे कर लोगों को नशे से दूर रहने की सलाह दी।

सत्र के अंत में सभी बच्चों और अभिभावकों ने नशा मुक्त भारत की शपथ ली और नशे के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।