March 8, 2026

दीपावली पर जगमगाएगा फरीदाबाद: हर चौक और बाजार सजेंगे रोशनी से – महापौर

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद क्षेत्र इस बार दीपावली पर रोशनी से नहाया हुआ नजर आएगा। महापौर प्रवीण बत्तरा जोशी ने बताया कि इस साल की दीपावली पिछले वर्षों से अलग होगी, क्योंकि पूरे शहर के चौराहों, सड़कों और मुख्य बाजारों को सुंदर लाइटों से सजाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए जा चुके हैं। कई स्थानों पर रोशनी का काम पूरा हो गया है और बाकी जगहों पर तेजी से कार्य चल रहा है।

महापौर ने कहा कि दीपावली प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का पर्व है, इसे शांति और आपसी सहयोग के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस बार दीपावली का महत्व और भी खास है, क्योंकि दीपावली से एक सप्ताह पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा सरकार की वर्षगांठ पर राज्य को नई विकास योजनाओं की सौगात देने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र के सभी चौराहों को दुल्हन की तरह सजाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को यह महसूस हो कि हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।

महापौर ने बताया कि दीपावली के साथ-साथ स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जैसे वे अपने घरों की सफाई करते हैं, वैसे ही अपने आसपास के क्षेत्र को भी साफ रखें। उन्होंने कहा कि लोग अपने घर का कचरा निगम के कर्मचारियों या निगम द्वारा तय वैकल्पिक व्यवस्था को ही दें। महापौर ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि इस बार की दीपावली पर “जगमग और स्वच्छ फरीदाबाद” बनाने में सभी सहयोग करें।