Faridabad/Alive News: शिव दुर्गा बिहार लक्कड़पुर निवासी महिला मन्नी सिंह ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आरएसएस के कुछ लोगों ने पहले उनके पालतू कुत्ते को जान से मारा, अब वह उसे और उसके परिवार को घर छोड़ने के लिए मजबूर होने की धमकी दे रहे हैं। मन्नी ने कहा कि धमकी के बाद उनका परिवार डर के साए में है, क्योंकि भाजपा के दो पार्षद सहित आरएसएस के करीब पांच लोगों ने घर छोड़ने के लिए मजबूर करने की धमकी दी है। इसके अलावा महिला के घर पर हमला करने वाले लोगों ने भी उन्हें धमकी दी हुई है कि जैसा कुत्ते का हाल किया था जल्द वैसा ही हाल महिला का भी करेंगे। इन धमकियों से डर कर महिला ने पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर परिवार की सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
महिला ने भाजपा के वार्ड नंबर 23 के पार्षद गजेंद्र भड़ाना (लाला) और भाजपा के वार्ड 22 के पार्षद हरेंद्र भड़ाना पर भी आरोप लगाया कि पार्षदों ने उन पर हमला, छेड़छाड़, और मारपीट करने वाले लोगों का साथ देते हुए उस पर जबरदस्ती दबाव डालकर कैसे खत्म कराने की कोशिश व धमकाया है।
महिला मन्नी सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि सूरजकुंड थाने की पुलिस और चौकी के पुलिसकर्मियों ने उनके साथ हुए दुर्व्यवहार, छेड़छाड़ के मामले में आरोपी सुजीत पटेल, ओम प्रकाश, मुकेश, विनोद कुमार और पंडित सहित अन्य के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की।
पीड़ित महिला ने यह आरोप लगाये कि दोनों पार्षदों के दबाव में आकर पुलिस ने आरोपियों की मदद की और उल्टा उन्हीं के लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मन्नी सिंह ने बताया कि हर रोज की तरह वह 10 सितंबर 2025 को भी अपने कुत्ते घुमाने के लिए जंगल में निकली थी। जब वह जंगल में अपने कुत्तों को घुमा रही थी तो उन्हें वहां नौ पुरुषों का समूह मिला जो खुद को आरएसएस को कार्यकर्ता बता रहे थे। जिनमे से एक का नाम सुजीत पटेल, ओम प्रकाश, मुकेश, विनोद कुमार, पंडित आदि था।
आरोप है कि सभी लोगों ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट कर उससे छेड़छाड़ की। इस दौरान हमलावरों ने उसके साथ में पालतू कुत्तों को डंडे से मारना शुरु कर दिया। जिस कारण उनमे से एक कुत्ते की मौत हो गई। इसके बाद से ही महिला काफी डरी और सहमी हुई है। शिकायतकर्ता महिला न्याय के लिए चौकी इंचार्ज से लेकर सूरजकुंड थाना एसएचओ, एनआईटी डीसीपी और पुलिस कमिश्नर फरीदाबाद को लिखित रूप में शिकायत देकर न्याय की गुहार लगा चुकी है।
उन्होंने बताया कि 10 सितंबर की रात के करीब दस बजे शिकायतकर्ता महिला के घर पर करीब सौ महिला – पुरुषों पहुंचे और उनके घर को घेर लिया था। इस भीड ने उसके परिवार के साथ मारपीट की। जिसका वीडियो शिकायतकर्ता के पास है। इस घटना के बाद वह लोग अपनी शिकायत को लेकर सूरजकुंड थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ शिकायत देकर कार्यवाही की मांग की, लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई।
शिकायत के अगले दिन थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह और मामले के जांच अधिकारी फुल सिंह एक महिला पुलिस कर्मी सहित उनके घर पहुंचे तथा उसे घर से अपने साथ लेकर झगड़े वाले स्थान पर लेकर गए जहां उनके बयान दर्ज किये थे।
शिकायतकर्ता महिला ने थाना प्रभारी से गुहार लगाते हुए कहा कि उसे परिवार की जान जाने का खतरा है। शिकायतकर्ता महिला का यह भी आरोप है कि आरोपियों में आरएसएस और भाजपा के दबंग लोग है जो लोग उनके घर पर हमला करने आए थे। उनमें से ज्यादातर लोग बीजेपी पार्षद गजेंद्र भड़ाना ( लाला) और पार्षद हरेंद्र भड़ाना के लोग हैं।
पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाये और उनके परिवार की सुरक्षा की जाये।
क्या कहना है पार्षदों का
मेरा इस मामले से कोई लेना देना नहीं है। मुझे जानकारी मिली थी कि कोई डॉग लवर महिला संघ की शाखा जहां लगती है उस मैदान पर कुत्तों को ले जाकर घूमती है और गंदगी फैलवती है।जब इस महिला को रोकने की कोशिश की गई तो शाखा प्रमुख और उस महिला में विवाद हो गया था। पता चला कि इस मामले की कार्यवाही थाने में दोनों पार्टियों के खिलाफ चल रही है। मेरा इस मामले से कोई लेना देना नहीं है।
- गजेंद्र भड़ाना (लाला) , पार्षद वार्ड 23
जो भी महिला ने आरोप लगाए है वो बेबुनियाद है। हां, मुझे महिला के भाई ने ही इस मामले के फैसले के लिए घर पर बुलाया था लेकिन वहां पर दोनों पार्टियों में समझौता नहीं हुआ फिर मुझे किसी से पता चला कि दोनों पक्षों में फिर से झगड़ा हुआ है। इसके बाद फैसले के लिए मुझे चौकी में बुलाया गया था लेकिन वहां पर भी उनका फैसला नहीं हुआ। फिर मैं वहां से निकलकर आ गया था, उसके बाद मुझे नहीं पता की क्या हुआ।
- हरेंद्र भड़ाना, पार्षद वार्ड 22

