March 7, 2026

पीस एजुकेशन कार्यक्रम – विद्यार्थियों के नैतिक एवं मानसिक विकास हेतु

Faridabad/Alive News: गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराय ख्वाजा फरीदाबाद में जूनियर रेडक्रॉस और सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के सौजन्य से आज सोमवार को जिला शिक्षा विभाग फरीदाबाद के निर्देशानुसार पीस एजुकेशन प्रोग्राम के अंतर्गत सामग्री किट प्राप्त करने एवं कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु नामित शिक्षक विवरण प्रस्तुत किए गए। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, सहानुभूति, सहयोग, संवाद कौशल और आंतरिक शांति के विकास के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

विद्यालय की जूनियर रेड क्रॉस एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड अधिकारी प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा के मार्गदर्शन में पीस एजुकेशन प्रोग्राम से संबंधित सभी गतिविधियों को योजनाबद्ध ढंग से प्रारंभ किया गया। विद्यालय में इस कार्यक्रम की रूपरेखा के अंतर्गत विद्यार्थियों के साथ संवाद, समूह चर्चा, नैतिक कहानियों के माध्यम से आत्मनिरीक्षण और सहृदयता जैसे मूल्यों पर केंद्रित सत्र लिए गए।

प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि शांति शिक्षा बच्चों के आंतरिक और सामाजिक विकास का आधार है जो उन्हें तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण की दिशा में ले जाती है। उन्होंने सभी शिक्षकों से आह्वान किया कि वे इस पहल को प्रतिदिन की शिक्षण प्रक्रिया में समाहित करें ताकि दीर्घकालीन परिवर्तन सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकों को पूर्ण रूप से सभी बच्चों से इस शांति शिक्षा मिशन को विद्यालयी वातावरण में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए आग्रह किया।