New Delhi/Alive News: पंजाब के लुधियाना में रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। मलेरकोटला रोड पर जगेड़ा नहर के पुल से एक पिकअप गाड़ी नहर में गिर गई। गाड़ी में माता नैना देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु सवार थे। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 2 बच्चे और 3 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 4 लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
गाड़ी में कुल 29 लोग सवार थे। सभी लोग हिमाचल प्रदेश से दर्शन करके अपने गांव मानकवाल लौट रहे थे। हादसा उस समय हुआ जब पिकअप एक वाहन को ओवरटेक कर रही थी और संतुलन बिगड़ने से नहर में जा गिरी।
मरने वालों में ये लोग शामिल जरनैल सिंह (उम्र 52),कृष्णा कौर (उम्र 60),मनजीत कौर (उम्र 58),कमलजीत कौर (उम्र 25),सुखमन कौर (उम्र डेढ़ साल),आकाशदीप सिंह (उम्र 8)। इन सभी के शव सिविल अस्पताल लुधियाना पहुंचाए गए हैं।
लापता श्रद्धालु केशर सिंह,अर्शदीप कौर,गुरप्रीत सिंह,महिंदर कौर। इनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
घायल श्रद्धालु
हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें गुरविंदर सिंह, रणजीत कौर, मनवीर सिंह, कुलविंदर सिंह, मनिंदर सिंह, छिंदर सिंह, काका सिंह, जसविंदर सिंह, सरबजीत कौर, सन्नी सिंह, संदीप कौर, भाग सिंह, बिंदर कौर, पूजा, जसवीर कौर, जगवीर सिंह, चरनजीत कौर और जश्न सिंह शामिल हैं।
प्रशासन की तत्परता
हादसे की खबर मिलते ही डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन, एसएसपी डॉ. ज्योति यादव और विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और स्थिति का जायजा लिया।
डीसी का बयान
डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने बताया कि गाड़ी में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे और ओवरलोडिंग के कारण हादसा हुआ। 22 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 2 लोग अब भी लापता हैं।
एसएसपी का बयान
एसएसपी डॉ. ज्योति यादव ने कहा कि गाड़ी गलत साइड से आ रही थी और ओवरलोड थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू कर दिया गया।
अस्पताल की जानकारी
डेहलों सिविल अस्पताल के एसएमओ राजेश गर्ग ने बताया कि उनके यहां 13 मरीज लाए गए। इनमें से 4 की मौत हो चुकी थी, जबकि बाकी को प्राथमिक इलाज दिया गया। एक गंभीर मरीज को रेफर किया गया है।
विधायक का बयान
विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने बताया कि संगत ने गुरुद्वारा राड़ा साहिब में लंगर छकने के बाद वापसी शुरू की थी। रास्ते में हादसा हुआ। मुख्यमंत्री भगवंत मान लगातार जानकारी ले रहे हैं और सरकार हरसंभव मदद करेगी।

