Faridabad/Alive News: केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दिशा – निर्देश अनुसार सेक्टर-31 पुलिस लाइन स्थित डी.ए.वी पुलिस पब्लिक स्कूल में शनिवार को एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमीनार का मुख्य उद्देश्य छात्रों में बढ़ते मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देने के लिए अध्यापकों को प्रशिक्षित करना था। सेमिनार में तीन विद्यालयों के 64 शिक्षकों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
कार्यक्रम की शुरूआत विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री हेमा अरोडा ने दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत भाषण से की गई, जिसमें उन्होने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। दैनिक जीवन में सकारात्मक सोच, ध्यान और योग के अभ्यास को प्रोत्साहित किया। तत्पश्चात मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञ डॉ सोनाक्षी शर्मा और गुरुग्राम के ब्लू बर्ड स्कूल की प्रधानाचार्या अलका शर्मा ने मुख्य व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम में छात्रों में बढ़ते तनाव, उनके बदलते व्यवहार, पढ़ाई व अभिभावकों का बढ़ता दबाव, आत्मविश्वास में कमी, सोशल मीडिया जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है, मानसिक और शारीरिक तौर से स्वस्थ व्यक्ति ही अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल होता है। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर, समूह चर्चा, भूमिका निर्वहन, इंटरएक्टिव गतिविधियों को आयोजित किया गया।
यह सेमिनार न केवल छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के बारे में शिक्षित करने में सफल रहा बल्कि कार्यक्रम में छात्रों की भावनाओं को समझने और उनके प्रबंधन के लिए उचित उपकरण भी सुझाये गए, जिससे यह कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रभावशाली रहा। प्रतिभागियो को कक्षा में मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और एक सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

