March 10, 2026

बीपीटीपी बिल्डर की सोसायटी में लंबे बिजली कट लगने से परेशान लोगों ने रोड जाम कर किया जोरदार प्रदर्शन

Faridabad/Alive News : बिजली नही आने से परेशान बीपीटीपी सेक्टर-81 ब्लॉक- एबीसी सोसायटी के लोगों ने रोड जाम करके जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि वह कई महीनों से बिजली के कट लगने से परेशान है। अभी तक बीपीटीपी बिल्डर ने समस्या का समाधान नहीं किया है।

स्थानीय लाेगाें ने बताया कि बीपीटीपी बिल्डर ने लोगों को प्लॉट दिए थे, साथ ही प्रत्येक घर को पांच किलोवाट का कनेक्शन दिया था। बिल्डर ने अब फ्लोरवाईज रजिस्ट्री कर पांच किलोवाट लोड को डिवाइड कर दिया है। अब बीपीटीपी बिल्डर का कहना है कि उन्हें एक किलोवाट के 50 हजार रुपये देने होंगे, लेकिन यह 50 हजार रुपये का एक किलोवाट का बहुत ज्यादा है। अभी तो 1.25 किलोवाट ही बिजली सप्लाई दी जा रही है जिसमें लाइट, एसी, लिफ्ट यहां तक की पानी की मोटर भी बंद हो जा रही है। 

उधर, बिजली विभाग की ओर से कहा जा रहा है कि 50 हजार रुपये प्रति किलोवाट दिये जायेंगें तभी बिजली सप्लाई सोसायटी को दी जाएगी। इसके बाद वह लोग काेर्ट गये और स्टेऑर्डर लेकर आये हैं। यह स्टेऑर्डर 17 तारीख को लिया गया है। इस स्टेऑर्डर को बीपीटीपी बिल्डर के कर्मचारियों ने मानने से इंकार कर दिया है। इसके बाद भी लोगों के घरों की बिजली काटी जा रही है। बिजली के कट सुबह से शाम तक लगाये जा रहे हैं। बिजली न होने के कारण लोगों के रोजमर्रा के काम नही हो पा रहे हैं। लगभग एक महीना हो गया है पानी की मोटर नहीं चल रही है, साथ ही लिफ्ट न चलने के कारण बड़े बुजुर्गों को काफी परेशानी हो रही है। यहां के बच्चे ना ही स्कूल जा पा रहे है और ना ही चेन से सो पा रहे है। राेज पानी भी पैसे से खरीद कर लाना पड़ रहा है। बीपीटीपी की इस सोसाइटी में प्लॉट की कीमत 2 करोड़ और फ्लैट की कीमत डेढ़ करोड़ तक है।

सोसायटी के लोगों छह महीने पहले भी बिजली की समस्या को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नही हुआ। उल्टा बिल्डर के सिक्योरिटी गार्ड लोगों के साथ मारपीट करते हैं।

सोसायटी के लोगों का कहना है कि अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कल फिर वह लोग बीपीटीपी बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।