Kurukshetra/Alive News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में कॉलेज चेयरमैन रजनीश बंसल के घर पर दो नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बदमाश बाइक पर आए और करीब 18 राउंड गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए।
घटना रात करीब 12 बजे की है। उस समय घर पर परिवार मौजूद नहीं था, सिर्फ उनका नौकर ओम प्रकाश घर में सो रहा था। फायरिंग से घर के शीशे टूट गए और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। पड़ोसियों के घर में भी गोलियों के खोल गिरे हैं।
रजनीश बंसल का परिवार चंडीगढ़ में रहता है और उन्हें पहले भी कई बार रंगदारी के लिए धमकी भरे फोन आ चुके हैं। इसी वजह से उन्हें चंडीगढ़ में सुरक्षा दी गई है, लेकिन लाडवा वाले घर पर कोई सुरक्षा नहीं थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। DSP निर्मल सिंह, SHO गुरनाम सिंह और सीआईए की टीम ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घटनास्थल से कई गोलियों के खोल बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामला रंगदारी से जुड़ा हो सकता है। परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए हैं और उनकी शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि रजनीश बंसल हिमाचल प्रदेश के काला-अंब में स्थित हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशंस (HGPI) के चेयरमैन हैं, जहां इंजीनियरिंग, नर्सिंग, फार्मेसी और लॉ की पढ़ाई करवाई जाती है।

