September 15, 2026

सीएम सैनी की रैली में माइक खराब, रोहतक के DIPRO संजीव सैनी सस्पेंड

Rohtak/Alive News: हरियाणा के रोहतक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की रैली के दौरान माइक खराब होने के मामले में जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (DIPRO) संजीव सैनी को सस्पेंड कर दिया गया है।

5 अप्रैल को महम में हुई विकास रैली में मंच पर दो डाइस लगाए गए थे। एक डाइस से मंत्री और अन्य नेताओं ने भाषण दिया, जबकि मुख्यमंत्री के लिए अलग से दूसरा डाइस लगाया गया था। रैली के अंत में जब मुख्यमंत्री भाषण देने पहुंचे, तो उनके डाइस का माइक काम नहीं कर रहा था।

माइक खराब होने के कारण मुख्यमंत्री को दूसरे डाइस पर जाकर अपना संबोधन देना पड़ा। बताया जा रहा है कि रैली शुरू होने से पहले माइक की जांच की गई थी और सब कुछ ठीक था, लेकिन अचानक तकनीकी खराबी आ गई।

इस गड़बड़ी के चलते DIPRO संजीव सैनी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। इस पर संजीव सैनी का कहना है कि माइक पहले सही तरीके से चेक किया गया था, लेकिन अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसकी वजह से समस्या हुई।

संजीव सैनी की नौकरी में यह पहली बार है जब उनके खिलाफ इस तरह की कार्रवाई हुई है, जबकि उनकी सेवा में अभी करीब सवा साल बाकी है।

रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 202 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें नए स्कूल भवन का निर्माण, सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करना और टाउन पार्क के पुनर्निर्माण जैसे कई काम शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से इलाके के विकास को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।