March 8, 2026

सीवर और पानी कनेक्शन के विशेष कैंपों में 155 आवेदन प्राप्त

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद द्वारा पानी और सीवर कनेक्शनों को वैध कराने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित किए गए, जिनमें कुल 155 आवेदन प्राप्त हुए। यह कैंप नगर निगम आयुक्त श्री धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों तथा एडिशनल कमिश्नर श्रीमती सलोनी शर्मा के मार्गदर्शन में लगाए गए।

इन कैंपों का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर पानी एवं सीवर कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं का समाधान और वैधीकरण की सुविधा प्रदान करना था, ताकि आमजन को निगम कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कैंपों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपने कनेक्शनों को नियमित कराने की प्रक्रिया पूरी की। मौके पर ही आवेदन स्वीकार किए गए और अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

आज कुल पांच स्थानों पर कैंप लगाए गए, जिनमें कम्युनिटी सेंटर, 33 फीट रोड, संजय कॉलोनी (एनआईटी जोन-3), रावल पब्लिक स्कूल, फ्रेंड्स कॉलोनी (बल्लभगढ़ जोन-1), ब्लॉक कम्युनिटी सेंटर, एनआईटी जोन-1 (विद्या निकेतन स्कूल के पास), कम्युनिटी सेंटर, अशोक नगर (ओल्ड जोन-3) तथा बौहरे धर्मशाला, न्यू बेसलवा कॉलोनी, पुरानी चुंगी (ओल्ड जोन-1) शामिल हैं।

कैंपों का निरीक्षण जॉइंट कमिश्नर ओल्ड फरीदाबाद राजेश कुमार ने किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर निगम प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने पानी और सीवर कनेक्शन समय रहते वैध कराएं और निगम द्वारा लगाए जा रहे इन विशेष कैंपों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।