August 20, 2026

सात दिनों में 40 आवारा गोवंश पकड़कर भिजवाया गौशाला

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद द्वारा शहर में आवारा गोवंश की समस्या के समाधान को लेकर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों पर निगम की टीम ने पिछले सात दिनों में शहर की विभिन्न सड़कों पर घूम रहे 40 आवारा गोवंश को पकड़कर सुरक्षित रूप से गौशालाओं में भिजवाया है।

स्पेशल सैनिटेशन ऑफिसर एशवीर सिंह ने बताया कि यह अभियान आमजन की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा गोवंश के संरक्षण के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। निगम की विशेष टीम ने सेक्टर 64, आईएमटी एरिया, सेक्टर 18 मार्केट, चावला कॉलोनी बल्लभगढ़, सेक्टर 85 और गांव मुजेसर सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए गोवंश को पकड़कर संबंधित गौशालाओं में भेजा, जहां उनकी उचित देखभाल की जा रही है।

निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यह अभियान निरंतर जारी रखा जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि आवारा गोवंश दिखाई देने पर इसकी सूचना नगर निगम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।