June 7, 2026

ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन, एक्सईएन कार्यालयों में सौंपे ज्ञापन

Faridabad/Alive News: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एक्सईएन कार्यालयों पर गुरुवार को कर्मचारियों ने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्करज यूनियन (हेड ऑफिस भिवानी-292) के बैनर तले कर्मचारियों ने दो घंटे तक नारेबाजी की और एसीएस पावर (हरियाणा सरकार) के नाम अपने-अपने एक्सईएन के माध्यम से ज्ञापन सौंपे।

सेक्टर-15 स्थित ओल्ड फरीदाबाद डिवीजन कार्यालय के सामने यूनिट ओल्ड फरीदाबाद के सचिव सत्यवान लोचब के नेतृत्व में कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन और सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। इस दौरान ओल्ड फरीदाबाद के एक्सईएन देवेंद्र अत्रि के माध्यम से यूनियन की ओर से ज्ञापन सौंपा गया। वहीं नहरपार क्षेत्र में सेक्टर-68 स्थित ग्रेटर फरीदाबाद डिवीजन के एक्सईएन कार्यालय पर भी कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। यूनिट प्रधान सुनील चौहान और यूनिट सचिव रविदत्त शर्मा की अगुआई में कर्मचारियों ने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में नारेबाजी की।

इस सांकेतिक धरने में प्रदेश कमेटी के नेता और चीफ ऑर्गनाइजर विनोद शर्मा भी पहुंचे। उन्होंने साफ कहा कि बिजली विभाग में ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी किसी भी हालत में लागू नहीं होने दी जाएगी। उनका कहना था कि इस पॉलिसी से विभाग में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है, जिससे कर्मचारियों और विभाग दोनों को नुकसान होगा।

विनोद शर्मा ने सरकार से मांग की कि वह अपनी जिद छोड़कर यूनियन के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत करें और इस पॉलिसी को रद्द करे। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग में हजारों पद खाली पड़े हैं, जिन्हें जल्द भरा जाना चाहिए, ताकि कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।

प्रदर्शन के दौरान लेखराज चौधरी, दीपक, मुकेश शर्मा, संदीप गिल, जगजीत, हितेश, नसीब हिंदुस्तानी, सुरेश डूडी, विजय कुमार, दिगंबर लाम्बा, परवीन शर्मा, चरण सिंह पुनिया, वीर सिंह रावत, देवेंद्र सैनी, कुलदीप डागर, योगेंद्र रावत, पंकज खलेरी सहित बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी मौजूद रहे।