Faridabad/AliveNews : क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गोदाम से लोहे के पाइप चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पाइप और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक शिकायतकर्ता के गोदाम में ही काम करता था।
पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर-9 के रहने वाले प्रमोद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रमोद की तिकोना पार्क में ‘SUPER SANITARY SALES’ नाम से एक फर्म है। जब गोदाम में स्टॉक की गिनती की गई, तो भारी मात्रा में लोहे के पाइप कम पाए गए। इस शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में चोरी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अपराध शाखा सेक्टर-56 को सौंपी गई। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा, जिनकी पहचान ऑटो चालक शाहरुख निवासी पर्वतीय कॉलोनी फरीदाबाद व गोदाम में कर्मचारी सुरेश कुमार निवासी एसी नगर फरीदाबाद के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी सुरेश कुमार काफी लंबे समय से शिकायतकर्ता प्रमोद के गोदाम में काम कर रहा था। मालिक का भरोसा जीतकर उसने पूरी रेकी की और फिर ऑटो चालक शाहरुख के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची।
योजना के मुताबिक सुरेश ने शाहरुख को ऑटो लेकर गोदाम पर बुलाया। इसके बाद दोनों ने मिलकर गोदाम से लोहे के पाइप साफ कर दिए। आरोपी इन चोरीशुदा पाइपों को बाजार में बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले कि वे अपने मंसूबों में कामयाब हो पाते, क्राइम ब्रांच ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

