June 13, 2026

नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच दौड़ीं ई-बसें, 35 मिनट में बॉटनिकल गार्डन से चार मूर्ति का सफर

​Noida/Alive News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट नोएडा एक्सटेंशन के निवासियों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने के लिए शुक्रवार से नई ई-बस सेवा की शुरुआत हो गई है। मेट्रो कनेक्टिविटी न होने से अब तक परेशान रहने वाले स्थानीय लोगों में इस सुविधा के शुरू होने से खुशी का माहौल है।

​शिल्प हाट से हरी झंडी, बॉटनिकल गार्डन पहुंची पहली बस
​शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट से 33 नई ई-बसों और डबल डेकर बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके ठीक बाद, दोपहर 12:15 बजे पहली वातानुकूलित (AC) ई-बस बॉटनिकल गार्डन बस स्टॉप पर पहुंची। यहां से सिटी सेंटर के लिए पहली टिकट कटी और सफर का आगाज हुआ।

​पहले सफर का टाइम-टेबल और रूट
​12:15 PM: बॉटनिकल गार्डन (सफर की शुरुआत)
​12:25 PM: गोल्फ कोर्स
​12:32 PM: होशियारपुर
​12:34 PM: सेक्टर-52
​12:40 PM: ग्राम वैशाली
​12:45 PM: पृथला
​12:50 PM: चार मूर्ति (अंतिम स्टॉप)
​बॉटनिकल गार्डन से चार मूर्ति तक का यह सफर कुल 7 निर्धारित स्टॉप्स को कवर करते हुए मात्र 35 मिनट में पूरा हो गया।

क्या है किराया और बसों की फ्रीक्वेंसी?
​​किराया: बॉटनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक का किराया 30 रूपए तय किया गया है (सफर का समय लगभग 25-35 मिनट)। वहीं, सेक्टर-52 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक के लिए यात्रियों को सिर्फ 20 रूपए देने होंगे (सफर का समय लगभग 15 मिनट)।
​फ्रीक्वेंसी: यात्रियों को लंबा इंतजार न करना पड़े, इसलिए हर 5 से 10 मिनट के अंतराल पर बसें उपलब्ध रहेंगी।​पहले दिन का सफर: उद्घाटन के पहले दिन कुल 5 यात्रियों ने इस बस में सफर किया, जिससे करीब 100 रूपए का राजस्व मिला। हालांकि वापसी के रूट पर (चार मूर्ति से सेक्टर-90 डिपो तक) बस ज्यादातर खाली रही, लेकिन आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की पूरी उम्मीद है।

क्या कहना है यात्रियों का
यात्री ​​प्रेम पाल ने कहा, “सरकार ने बहुत अच्छा कदम उठाया है। अब कम किराये में लग्जरी और आरामदायक सफर का अनुभव मिल रहा है। इस भीषण गर्मी में एसी बस किसी राहत से कम नहीं है।”
यात्री ​गजेंद्र कुमार ने कहा, “ई-बस चलने से सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि ऑटो चालकों की मनमानी और मनमाना किराया वसूलने की आदत पर लगाम लगेगी। आज पहला दिन है इसलिए भीड़ कम है, जल्द ही लोग इसमें सफर करने लगेंगे।”
गौड़ सिटी निवासी यात्री ​नैना ने कहा, “ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोग लंबे समय से इस सीधी कनेक्टिविटी की मांग कर रहे थे। इसके लिए प्रदर्शन भी हुए। अब लोगों का समय और पैसा दोनों बचेगा।”