Faridabad/Alive News: पार्ट-टाइम नौकरी और घर बैठे कमाई का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टेलीग्राम पर प्री-पेड टास्क के नाम पर एक व्यक्ति से 9 लाख 34 हजार रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने बैंक खाताधारक सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पृथ्वी (24), ओम सोनी (25), अंशुमन सैनी (21), कृष्णा पाण्डेय (22), विनय सिंह (20) और आशु (20) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी ग्वालियर (मध्य प्रदेश) के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-77 निवासी पीड़ित के व्हाट्सऐप पर एक अंजान नंबर से लिंक आया था। इसमें गूगल मैप्स पर स्थानों को रेटिंग और कमेंट देकर रोजाना अच्छी कमाई का लालच दिया गया था। पीड़ित जब झांसे में आ गया तो उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया। शुरुआत में छोटे टास्क देकर मुनाफा दिखाया गया और फिर अधिक लाभ का लालच देकर उनसे अलग-अलग किस्तों में कुल 9,34,000 रुपये जमा करवा लिए गए। जब पीड़ित ने अपने पैसे निकालने चाहे, तो ठगों ने संपर्क तोड़ दिया।
साइबर पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरोह में बैंक खातों की पूरी चेन बनी हुई थी। मुख्य खाताधारक आरोपी पृथ्वी था, जिसने अपना खाता ओम सोनी को दिया था। इसके बाद ओम सोनी ने अंशुमन, अंशुमन ने कृष्णा, कृष्णा ने विनय, और विनय ने आशु के जरिए इस बैंक खाते को मुख्य साइबर ठगों तक पहुंचाया था। पृथ्वी के खाते में ठगी की पहली लेयर के रूप में 50,000 रुपये आए थे। सभी आरोपी 12वीं पास हैं और कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

