August 11, 2026

सावन शिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

Faridabad/Alive News: सावन की शिवरात्रि पर मंगलवार को शहर के शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। कहीं तड़के चार बजे मंदिर के कपाट खुले तो कहीं साढ़े पांच बजे से जलाभिषेक शुरू हुआ। कांवड़ लेकर पहुंचे कावड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद भक्तों ने दूध, दही, पंचामृत, शहद, घी, गंगाजल और बेलपत्र चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। सुबह से दोपहर तक मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिरों में विशेष भंडारे और प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। भीड़ को संभालने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए वॉलंटियर्स और मंदिर के महंतों की ड्यूटी भी लगाई गई थी।
एनआईटी-5 स्थित तत्कालेश्वर शिव मंदिर के पंडित मनोज कुमार ने बताया कि सुबह चार बजे से ही कांवड़ियों ने शिवलिंग पर जल चढ़ाना शुरू कर दिया था। इस बार मंदिर में तीन डाक कांवड़ पहुंचीं। कांवड़ियों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु भी मंदिर पहुंचे। भक्तों ने दूध, दही, पंचामृत और बेलपत्र चढ़ाकर भगवान शिव की पूजा की। रात सात बजे से साढ़े आठ बजे तक मंदिर में कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने हिस्सा लिया। कीर्तन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए प्रसाद के रूप में पूड़ी-सब्जी और फल का वितरण किया गया।