Faridabad/Alive News: स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की है। इसके तहत दिल्ली की ओर जाने वाले भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों (HTV, MGV, LGV) और इंटरस्टेट बसों के आवागमन पर निर्धारित अवधि के लिए अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।
फुल ड्रेस रिहर्सल और 15 अगस्त के लिए रूट प्लान
फुल ड्रेस रिहर्सल: 12 अगस्त 2026 की रात्रि 8 बजे से 13 अगस्त 2026 की दोपहर 1 बजे तक दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह: 14 अगस्त 2026 की रात्रि 8 बजे से 15 अगस्त 2026 को कार्यक्रम समाप्ति तक दिल्ली की ओर भारी, मध्यम मालवाहक वाहनों और इंटरस्टेट बसों के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी।
यह प्रतिबंध बदरपुर बॉर्डर, पल्ला बॉर्डर, करणी सिंह शूटिंग रेंज बॉर्डर, सूरजकुंड बॉर्डर, मांगर चौकी, सीकरी NH-19, और सेक्टर-30 कट (दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे) सहित सभी दिल्ली-फरीदाबाद सीमावर्ती मार्गों पर लागू रहेगा। जाम से बचने के लिए भारी वाहनों को सीमा क्षेत्र से पहले ही वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट
प्रतिबंध के दौरान एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस, दूध, फल-सब्जी, आवश्यक खाद्य सामग्री, जीवनरक्षक दवाइयां, पेट्रोल-डीजल-CNG और सक्षम अथॉरिटी से अनुमति प्राप्त वाहनों को छूट रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की सहायता या सूचना के लिए फरीदाबाद यातायात नियंत्रण कक्ष के नंबर 0129-2267201 या डायल-112 पर संपर्क किया जा सकता है।

