September 28, 2026

रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश के नाम पर 1 लाख की ठगी, खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: टाटा कंपनी के साथ रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश कर 300 प्रतिशत मुनाफा कमाने का झांसा देकर 1 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ऋषभ सिकरवार, निवासी धौलपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को आगरा, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-7 बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह इंस्टाग्राम पर सर्फिंग कर रहा था। इसी दौरान उसने इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन का एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद वह व्हॉट्सऐप चैट पर पहुंच गया, जहां उसकी बात एक जापानी महिला से हुई।

आरोप है कि महिला ने शिकायतकर्ता को टाटा कंपनी के साथ रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश करने और 300 प्रतिशत मुनाफा कमाने का झांसा दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता से अलग-अलग तरीके से 1 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। बाद में उसे कोई मुनाफा या रकम वापस नहीं मिली। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ऋषभ ने संदीप के बैंक खाते को शिवम से लेकर आगे किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध करवाया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी B.Sc पास है और स्टील कॉइल ट्रेडिंग का काम करता है।

आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।