September 28, 2026

बदलते मौसम में अस्पतालों में बढ़े मरीज, सांस और वायरल संक्रमण के मामले ज्यादा

Faridabad/Alive News: बारिश के बाद मौसम में बदलाव का असर अब अस्पतालों की ओपीडी में भी दिखाई देने लगा है। नागरिक अस्पताल में इन दिनों विभिन्न बीमारियों के करीब दो हजार मरीज रोजाना ओपीडी में पहुंच रहे हैं। वहीं, इमरजेंसी विभाग में 24 घंटे में 150 से अधिक मरीज आ रहे हैं। इनमें सांस से जुड़ी परेशानी और हृदय संबंधी शिकायत वाले मरीज भी शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, मौसम में अचानक बदलाव के कारण बच्चों और बुजुर्गों में सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और गले के संक्रमण की शिकायत बढ़ सकती है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार बारिश के बाद कई जगह पानी जमा होने से मच्छरों का प्रजनन भी बढ़ जाता है। ऐसे में डेंगू और मलेरिया को लेकर भी सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों को घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए और मच्छरों से बचाव के उपाय करने चाहिए।

बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान

बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल गोयल ने बताया कि बदलते मौसम में बच्चों को अचानक ठंडी हवा के संपर्क में आने से बचाना चाहिए। अभिभावक बच्चों को बहुत ठंडी चीजें खाने-पीने से बचाएं। सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। सावधानी बरतने से गले के संक्रमण और मौसम से जुड़ी अन्य परेशानियों से बचाव किया जा सकता है।