September 28, 2026

शहीद भगत सिंह जयंती पर नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को दिलाया नशामुक्ति का संकल्प

Faridabad/Alive News: शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से “नशे से स्वतंत्रता संग्राम” अभियान के तहत राष्ट्रीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (NIT-4), फरीदाबाद में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्र-छात्राओं और 20 अनुदेशकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम संस्थान के प्राचार्य भगत सिंह की मौजूदगी में हुआ।

कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, IPS के दिशा-निर्देशन और उप पुलिस महानिरीक्षक एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त फरीदाबाद राजेंद्र कुमार मीणा, IPS के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा साइकिल से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने सेक्टर-8 से NIT और आसपास के विभिन्न सेक्टरों में करीब 23 किलोमीटर साइकिल चलाकर नशामुक्ति का संदेश दिया।

डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि जिस तरह भगत सिंह और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराने के लिए संघर्ष किया, उसी तरह आज युवाओं को नशे के खिलाफ आगे आकर देश को नशे की गुलामी से मुक्त कराने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भगत सिंह युवाओं के लिए साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति के प्रेरणास्रोत हैं। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य पर असर डालता है। इससे बचाव के लिए युवाओं के साथ-साथ पूरे समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे से संबंधित सूचना देने के लिए राष्ट्रीय मानस हेल्पलाइन 1933 और हरियाणा हेल्पलाइन 90508-91508 की जानकारी दी। उन्होंने अपने नशामुक्ति गीतों के जरिए भी युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया, जिस पर विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर समर्थन किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया।