June 6, 2026

दोबारा राजा नाहर सिंह स्टेडियम का काम शुरू होने की उम्मीद , 108 करोड़ से बनेगी दर्शक दीर्घा, क्या होंगी सुविधाएं जानिए

Faridabad/Alive News: नए साल में राजा नाहरसिंह स्टेडियम के निर्माण कार्य के दोबारा शुरू होने की उम्मीद जगी है। अब यह कार्य नगर निगम द्वारा नए सिरे से कराया जाएगा। निगम की ओर से करीब 108 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम की दर्शक दीर्घा तैयार करने का प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा गया है। निगम अधिकारियों का दावा है कि एक माह के भीतर सरकार से प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है।
गौरतलब है कि वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राजा नाहरसिंह स्टेडियम के जीर्णोद्धार की घोषणा की थी। उस समय नगर निगम ने 135 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया था, लेकिन सरकार ने केवल 123 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। निगम का दावा है कि स्वीकृत राशि में से अब तक लगभग 72 करोड़ रुपये के कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

2018 में रुक गया था निर्माण कार्य
नगर निगम ने वर्ष 2018 में गुजरात की रणजीत बिल्डकान कंपनी को स्टेडियम निर्माण का ठेका दिया था। हालांकि, करीब दो साल बाद कंपनी ने बजट की कमी का हवाला देते हुए काम बंद कर दिया। इसके बाद राज्य सरकार ने स्टेडियम परियोजना नगर निगम से लेकर फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) को सौंप दी।

एफएमडीए भी नहीं कर पाया काम शुरू
वर्ष 2023 में एफएमडीए ने स्टेडियम निर्माण के लिए 292 करोड़ रुपये का नया एस्टीमेट तैयार किया था और इसके लिए नगर निगम से एनओसी भी मांगी थी। बावजूद इसके, करीब दो वर्षों तक एफएमडीए भी निर्माण कार्य शुरू नहीं कर सका। अब एक बार फिर यह परियोजना नगर निगम को सौंप दी गई है।

स्टेडियम में होंगी आधुनिक सुविधाएं
नई योजना के तहत स्टेडियम में कई आधुनिक सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। यहां फुटबॉल मैदान, बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबॉल मैदान और चारों ओर साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा। साथ ही ईस्ट, वेस्ट और साउथ स्टैंड का निर्माण होगा। स्टेडियम की लाइटिंग का लक्स लेवल 1500 से बढ़ाकर 3000 किया जाएगा। इसके अलावा दर्शक दीर्घा में नई सीटें, फुटबॉल और एथलेटिक्स मैदान तथा स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

क्या कहना है चीफ इंजीनियर का

नाहरसिंह स्टेडियम की दर्शक दीर्घा को पूरी तरह से बदला जाएगा। इसके लिए 108 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर सरकार के पास भेजा जाएग। 2026 में स्टेडियम का काम फिर से शुरू कर दिया जाएगा।

-विवेक गिल, चीफ इंजीनियर, नगर निगम