May 17, 2024

मकान मालिक से महिला लूडो में पैसों सहित खुद को हारी, पति लगा रहा गुहार

Lucknow/Alive News: उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। ऑनलाइन गेम का नशा युवाओं के सिर पर इतना चढ़कर बोल रहा है कि एक महिला ने लूडो के खेल में खुद को ही दांव पर लगा दिया। महिला खुद को हार गई और फिर पति को सूचना मिली के साथ धमकी भी मिली कि आकर लिखा पढ़ी कर लो, चक्कर में पड़ोगे तो काटकर फेंक दिए जाओगे।

मिली जानकारी के अनुसार यहां किराए पर रहने वाली एक महिला अपने मकान मालिक के साथ ऑनलाइन लूडो खेलती रहती थी। महिला का पति घर के बाहर रहकर काम करता था। पति जो भी पैसा भेजता था, महिला उस पैसे को लूडो के खेल में दांव पर रख देती थी। एक दिन पैसा खत्म होने पर महिला ने खुद को ही दांव पर लगा दिया और फिर मकान मालिक से खुद को लूडो के खेल में हार गई।

जब ये घटना हुई तो पति एक दूसरे राज्य में नौकरी कर रहा था। रिपोर्ट के अनुसार जब पति को इस बात की जानकारी मिली तो वो लौटा। इसके बाद पति ने पुलिस चौकी में मामले को लेकर शिकायत दर्ज की और कार्रवाई की मांग की। पति ने अपना एक बयान सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया। पीड़ित पति ने बताया कि वो प्रतापगढ़ के देवकली इलाके में किराए के मकान में रहता था। 6 महीने पहले वो कमाई के लिए राजस्थान के जयपुर चला गया था। पति ने कहा कि वो अपनी पत्नी को खर्चे के लिए पैसे भेजता रहता था। इन्हीं पैसों को उसकी पत्नी जुए में लगा देती थी। पैसा खत्म होने पर पत्नी ने कथित तौर पर खुद को दांव पर लगा दिया और हार गई।

पीड़ित पति के मुताबिक वो रामपुर का रहने वाला है। उसकी शादी अमेठी जनपद में हुई थी। पत्नी से उसके दो बच्चे भी हैं। पति ने ये भी कहा कि लूडो में हारने के बाद उसने कई बार अपनी पत्नी को समझाया लेकिन वो अब मकान मालिक के साथ ही रह रही है।