June 6, 2026

दोस्त बनकर की व्हाट्सएप कॉल, 40 हजार रुपये की साइबर ठगी

खाताधारक समेत दो आरोपी ग्वालियर से गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए दोस्त का जानकार बनकर 40 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में खाताधारक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुशवाह निवासी बगीया जडेरुआ कला, जिला ग्वालियर (मध्यप्रदेश) और प्रताप परिहार उर्फ मोनू निवासी गांव अस्तौन, जिला टीकमगढ़, हाल पीएचई कॉलोनी महलगांव, ग्वालियर के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-30 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि 22 फरवरी को उसके पास एक व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उसके दोस्त रंजन सिंह का जानकार बताया और जरूरी काम बताकर पैसे मांगे। दोस्त की मदद समझकर पीड़ित ने बताए गए बैंक खाते में 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसने अपने दोस्त रंजन सिंह से बात की तो पता चला कि उसके नाम का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की गई है।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि अमित के बैंक खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी। वहीं प्रताप ने अमित का बैंक खाता साइबर ठगों तक पहुंचाने का काम किया था।

पुलिस जांच में पता चला कि अमित ग्वालियर के एक होटल में वेटर का काम करता है, जबकि प्रताप वाहन चालक है। दोनों की पहचान होटल में हुई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।