Faridabad/Alive News : भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि आज फरीदाबाद जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बेहद श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक और उनकी टीम ने ओल्ड फरीदाबाद स्थित स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा को गंगाजल से साफ किया और उस पर माल्यार्पण कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि राजीव गांधी को भारत में सूचना क्रांति का जनक माना जाता है। देश के कंप्यूटराइजेशन और टेलीकम्युनिकेशन क्रांति का पूरा श्रेय उन्हीं को जाता है।
उन्होंने आगे कहा, “स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं (पंचायती राज) में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलवाने का ऐतिहासिक काम राजीव गांधी ने ही किया था। इसके अलावा, युवाओं को राजनीति में भागीदार बनाने के लिए मतदाता की उम्र 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने का अधिकार भी उन्होंने ही देश को दिलवाया।”
इन वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस मौके पर उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने स्व. राजीव गांधी के आदर्शों पर चलने और देश व समाजहित में कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस श्रद्धांजलि सभा के दौरान हरियाणा विचार विभाग के चेयरमैन विनोद कौशिक, जिला उपाध्यक्ष वेदप्रकाश यादव, रेनू चौहान, जिला महासचिव मुकेश डागर, सुनीता फागना, जिला सचिव एन.के. शर्मा, मोहसिन खान, वेदराम यादव, विकास फागना, प्रेम यादव, सीबी यादव, मनीष बौद्ध, यूनिस खान, महेन्द्र यादव और मेहरचंद पाराशर सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

