Faridabad/Alive News: शहर के कई इलाकों में तीन और चार अक्तूबर को जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की ओर से नॉर्दर्न रेलवे के पास सोहना-बल्लभगढ़ रोड पर पाइप लाइन कनेक्शन का काम किया जाएगा। इसके लिए रेनीवेल वाटर सप्लाई लाइन नंबर-1 को तीन अक्तूबर की सुबह 10 बजे से चार अक्तूबर की शाम चार बजे तक बंद रखा जाएगा। इस दौरान 15 क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
एफएमडीए के अनुसार, यह कार्य मथुरा रोड से नॉर्दर्न रेलवे के पास तक बिछाई जा रही 450 एमएम व्यास की डक्टाइल आयरन (डीआई) पाइप लाइन को मौजूदा जलापूर्ति लाइन से जोड़ने के लिए किया जाएगा। कनेक्शन का काम पूरा होने के बाद नई पाइप लाइन को जलापूर्ति व्यवस्था से जोड़ा जा सकेगा। इसके चलते करीब 18 घंटे तक रेनीवेल लाइन बंद रहेगी।

