October 2, 2026

गांधी जयंती पर DAV पुलिस पब्लिक स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने लगाई ‘Run for Fun’ मैराथन

DAV पुलिस पब्लिक स्कूल फरीदाबाद में Run for Fun मैराथन और नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम

Faridabad/Alive News: गांधी जयंती के अवसर पर नशा मुक्त अभियान के तहत DAV पुलिस पब्लिक स्कूल, पुलिस लाइन, सेक्टर-30 में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम और ‘Run for Fun’ मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देना था।

कार्यक्रम का आयोजन पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त अपराध जयबीर सिंह के नेतृत्व में सामुदायिक पुलिसिंग सेल तथा DAV पुलिस पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। पुलिस उपायुक्त अपराध जयबीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। इसमें स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

मैराथन के दौरान विद्यार्थियों ने खेलकूद, शिक्षा और सकारात्मक सोच के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश दिया। विद्यार्थियों को बताया गया कि स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाकर नशे जैसी बुराइयों से बचा जा सकता है।

कार्यक्रम में सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ परिवार और दोस्तों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की अपील की।

‘Run for Fun’ मैराथन के सीनियर और जूनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुलिस विभाग और स्कूल प्रबंधन की ओर से प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम के दौरान “नशे को ना कहें, जीवन को हां कहें” और “नशा मुक्त हरियाणा—स्वस्थ एवं सुरक्षित हरियाणा” जैसे संदेश दिए गए। पुलिस विभाग ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पुलिस और समाज के बीच निरंतर सहयोग जरूरी है।