Guwahati/Alive News: असम के गुवाहाटी के खानापारा इलाके में स्थित एक नाइटक्लब में महिला से मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्लब के बाउंसरों ने महिला के साथ मारपीट की और उसके कपड़े उतार दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस ने क्लब के मैनेजर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मामला द लोकल्स कैफे एंड लाउंज का बताया जा रहा है। सामने आए वीडियो में महिला पार्किंग एरिया में जमीन पर पड़ी दिखाई दे रही है। वीडियो में दो महिलाएं उसे लात मारती हुई नजर आ रही हैं, जबकि कुछ पुरुष आसपास खड़े दिखाई देते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि महिला कुछ दोस्तों के साथ क्लब पहुंची थी। आरोप है कि क्लब के अंदर महिला ने एक बाउंसर को बीयर की बोतल से मारा था। इसके बाद अन्य बाउंसर उसे पकड़कर चौथी मंजिल से पार्किंग एरिया में ले आए।
गार्ड के अनुसार, पार्किंग में महिला के साथ मारपीट की गई और उसके ऊपरी शरीर के कपड़े उतार दिए गए। हालांकि, विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई और महिला तथा बाउंसर के बीच कहासुनी कैसे शुरू हुई, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
वीडियो में महिला को लात मारती दिखीं दो महिलाएं
घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया। इसमें महिला पार्किंग में फर्श पर दिखाई देती है। उसके ऊपरी शरीर पर कपड़े नहीं थे। वीडियो में दो महिलाएं उसे लात मारती नजर आती हैं।
एक अन्य वीडियो में एक पुरुष महिला को उठाने की कोशिश करता दिखाई देता है। इसके बाद एक कार कैमरे के सामने आ जाती है, जिससे कुछ समय के लिए घटना का दृश्य दिखाई नहीं देता। बाद में महिला वहां नजर नहीं आती और कुछ पुरुष आपस में बातचीत करते दिखाई देते हैं।
क्लब मैनेजर हिरासत में
ईस्ट गुवाहाटी के डीसीपी तबु राम पेगू के अनुसार, पुलिस ने क्लब मैनेजर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। डीसीपी ने बताया कि अगर महिला की ओर से शिकायत नहीं मिलती है तो पुलिस अपने स्तर पर भी मामला दर्ज कर सकती है।
घटना के बाद बंद मिला नाइटक्लब
घटना की जानकारी सामने आने के बाद जब मीडियाकर्मी क्लब पहुंचे तो नाइटक्लब बंद मिला। अंदर की लाइटें भी बंद थीं। क्लब प्रबंधन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस वीडियो और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

