June 6, 2026

सेक्टर-19 डाकघर में लगेगा वाटर कूलर

Gungunsharma/Alive News

Noida: लगातार बढ़ रही गर्मी और तेज धूप के बीच सेक्टर-19 स्थित डाक विभाग में लोगों की सुविधा के लिए वाटर कूलर लगाया जाएगा। डाक विभाग की ओर से यह कदम आम लोगों को गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है। 

डाक विभाग के प्रधान मनोज कुमार ने बताया कि प्रतिदिन करीब एक हजार लोग विभिन्न कार्यों के लिए डाकघर पहुंचते हैं। इनमें पासपोर्ट, आधार, बैंकिंग और डाक सेवाओं से जुड़े कार्य कराने वाले लोग शामिल होते हैं। वर्तमान में डाकघर में केवल एक वाटर कूलर उपलब्ध है, जिसका उपयोग मुख्य रूप से विभाग के कर्मचारी करते हैं। हालांकि डाकघर आने वाले लोग कभी-कबार उसी वाटर कूलर से पानी पीते हैं।

उन्होंने बताया कि डाकघर के बाहर बड़ी संख्या में ऑटो चालक दिनभर खड़े रहते हैं। इसके अलावा पासपोर्ट कार्यालय आने वाले लोगों को भी लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है खासकर बड़े बुजुर्गों को। गर्मी अधिक होने के कारण लोगों को या तो अपने घर से पानी लेकर आना पड़ता है या फिर बाजार से पानी की बोतल खरीदनी पड़ती है। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए विभाग ने वाटर कूलर लगाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में नगर पालिका अधिकारियों को सूचना दे दी गई है और जल्द ही वाटर कूलर लग जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे लोगों को गर्मी के मौसम में काफी राहत मिलेगी।