Faridabad/Alive News: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सर्विस प्रीलिमिनरी परीक्षा 24 मई 2026 को फरीदाबाद में दो पालियों में संपन्न होगी। इस परीक्षा के सफल एवं पारदर्शी संचालन को लेकर आज मंगलवार को सेक्टर-12 स्थित एचएसवीपी कन्वेंशन हॉल में बैठक आयोजित की गई, जिसमें अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने परीक्षा केंद्रों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सेंटर सुपरवाइजर, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर (एलआईओ), ट्रांजिट ऑफिसर, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि जिले में कुल 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें एक केंद्र विशेष रूप से दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किया गया है। परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी सुबह 9:30 से 11:30 (पेपर-1) तथा दोपहर 2:30 से 4:30 (पेपर-2)। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा तथा किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ आपराधिक लापरवाही के तहत कार्रवाई की जाएगी।
एडीसी ने कहा कि इस बार परीक्षा में फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया लागू की जा रही है, जिसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्थिर वाई-फाई कनेक्शन होना अनिवार्य है। फेस ऑथेंटिकेशन से जुड़े सभी इनविजिलेटर्स को तकनीकी प्रशिक्षण लेने के निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर स्वच्छ पेयजल, डिस्पोजेबल ग्लास, छायादार प्रतीक्षा स्थल तथा मेडिकल सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी अभ्यर्थी की तबीयत खराब होने की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यकतानुसार एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम् अंकित कुमार, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा, जिल शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला सहित अन्य कई अधिकारीगण भी मौजूद रहे।

