Noida/Alive News: नोएडा में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन सोमवार सुबह उग्र हो गया। गुस्साए कर्मचारियों ने सेक्टर-60, सेक्टर-62, सेक्टर-63 और फेज-2 समेत कई जगहों पर हंगामा किया।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सड़कों को जाम कर दिया और पत्थरबाजी शुरू कर दी। कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई और कुछ गाड़ियों में आग भी लगा दी गई। इस दौरान एक पुलिस जीप को पलटकर उसमें भी तोड़फोड़ की गई।
फेज-2 इलाके में होजरी कॉम्प्लेक्स और फैक्ट्रियों के आसपास भी काफी नुकसान हुआ। कर्मचारियों ने सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास सड़क जाम कर दी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कर्मचारियों को शांत रहने के लिए समझाया जा रहा है।
अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि सभी औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है और फैक्ट्री प्रबंधन से बातचीत की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की है।
बताया जा रहा है कि कर्मचारी लंबे समय से सैलरी बढ़ाने की मांग कर रहे थे। सोमवार होने के कारण सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम की वजह से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

