New Delhi/Alive News: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर गर्मी तेज होने लगी है। पिछले कुछ दिनों से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण तापमान नियंत्रित था, लेकिन अब उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत में पारा तेजी से बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 30 जिलों में आज धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
दक्षिण भारत के ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में मौसम गर्म और उमस भरा बना हुआ है। आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया है।
वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बारिश का अलर्ट है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
अगर अगले दो दिनों की बात करें तो 14 और 15 अप्रैल को उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में गर्मी और बढ़ेगी। दिन में तेज धूप रहेगी और तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
राजस्थान में भी अब मौसम साफ हो गया है और धीरे-धीरे गर्मी बढ़ रही है। कई जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 4-5 दिनों में तापमान और बढ़ेगा, हालांकि फिलहाल लू चलने की संभावना कम है।

