June 6, 2026

कुरुक्षेत्र में बैसाखी महोत्सव की शुरुआत, सीएम सैनी ने उड़ाई 6 फीट की पतंग

Kurukshetra/Alive News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पहली बार राज्य स्तरीय बैसाखी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मेला ग्राउंड में लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया और फिर 6 फीट लंबी रंग-बिरंगी पतंग उड़ाई, जो खास तौर पर उनके लिए तैयार की गई थी।

केडीबी मेला ग्राउंड में आयोजित इस महोत्सव में 500 ड्रोन का आकर्षक शो भी होगा, जो आसमान को रंग-बिरंगा बनाएगा। साथ ही सैकड़ों पतंगें एक साथ उड़ाई जाएंगी।

महोत्सव में खेल और संस्कृति से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें कुश्ती दंगल, कबड्डी, गतका और पगड़ी बांधने जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं में 38 लाख रुपये से ज्यादा के इनाम दिए जाएंगे और दंगल में करीब 200 मुकाबले होंगे।

शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी खास रहेंगे। प्रसिद्ध गायक लखविंदर वडाली और कुलविंदर बिल्ला अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

इसके अलावा महोत्सव में गेहूं निकालने की प्रक्रिया को भी प्रदर्शनी के जरिए दिखाया जाएगा। समापन समारोह में भी मुख्यमंत्री शामिल होंगे।