May 4, 2024

मरा हुआ तेंदुआ समझ कर, ले रहा था सेल्फी हुआ भयानक हादसा

New Delhi/Alive News : आजकल लोगों में सेल्फी क्रेज इतना ज्यादा है कि वह इसके लिए अपनी जान की भी परवाह नहीं करते। राजस्थान में उदयपुर के एक युवक के साथ जो हादसा हुआ वह डराने वाला है। सड़क किनारे एक घायल तेंदुआ पड़ा था। तभी वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार युवक सेल्फी लेने के लिए तेंदुआ के पास गया तो तेंदुए ने उसे दबोच लिया।

इसके बाद किसी तरह बड़ी मुश्किल से युवक तेंदुए से छुटकर भागा। बाइक सवार दो लोग थे। एक युवक तेंदुए के दबोचने से घायल हो गया तो दूसरा भागते वक्त गिरकर घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि जैसे ही तेंदुए ने युवक को दबोचा तो उसके होश उड़ गए और जोर जोर से बचाने के लिए गुहार लगाने लगा। उसका दूसरा साथी ने पास के गांव वालों को आवाज लगाई। गांववाले उन्हें बचाने पहुंचते कि इससे पहले ही तेंदुए ने युवक को छोड़ दिया, जिसके बाद दोनों वहां से जान बचाकर भागे।

घटना से सड़क से गुजरने वाले लोगों में दहशत का माहौल हो गया और सैकड़ों लोग सड़क पर इकट्ठा हो गए। घटना बाद ग्रामीणों वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। घटना से करीब आधे घंटे के लिए ट्रैफिक रुका रहा।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को रेस्क्यू किया। वन अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि किसी वाहन तेंदुए को पीछे से टक्कर मारी है। उसे कूल्हे की हड्डी और पैरों पर चोंट है।

उन्होंने बताया कि तेंदुआ घायल नहीं होता तो युवक को जान बचाना मुश्किल था। इसलिए किसी को भी उत्साह में आकर ऐसी हरकत करने की जरूरत नहीं है कि जान ही चली जाए।