May 1, 2024

धुंध के चलते हादसे में कार सवार सभी 7 लोगों की मौत

Aligarh/Alive News : यूपी के अतरौली में धुंध के चलते रविवार को स्कार्पियो तालाब में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें छापेमारी के बाद लौट रहे दो पुलिसवाले भी शामिल हैं। कार में पुलिस और परिजनों के साथ घर से भागे लड़का-लड़की भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि कार पलटने से कोई बाहर नहीं निकल सका। सुबह टहलने निकले कुछ लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। उधर, राजस्थान के भरतपुर में भी एक्सीडेंट में 4 लोगों की जान चली गई।

लड़का-लड़की को पकड़कर लौट रहे थे
– पुलिस के मुताबिक, अलीगढ़ के जवां थाना इलाके में रहने वाली नाबालिग लड़की 25 जनवरी को दूसरे समुदाय के लड़के के साथ घर से भाग गई थी। लड़की के परिजनों ने केस दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस को दोनों की लोकेशन बरेली में मिली।

– उन्हें पकड़ने के लिए एसआई प्रदीप शर्मा (45), कॉन्स्टेबल देवेंद्र कुमार (33), लड़की के दो रिश्तेदार और ड्राइवर प्राइवेट गाड़ी से शनिवार रात बरेली रवाना हुए। यहां से लड़का और लड़की को साथ लेकर सभी अलीगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान अतरौली के पास हादसा हो गया।

पुलिस ने क्या बताया?
– एसएसपी अलीगढ़, राजेश पांडेय ने बताया कि हादसे की खबर मिलने के बाद पुलिस टीम क्रेन और एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। तालाब में गिरी कार को खींचकर बाहर निकाला, इसमें 7 लोगों की बॉडी मिलीं। इनमें दो पुलिसकर्मी, घर से भागी लड़की-लड़का, लड़की के दो रिश्तेदार और कार ड्राइवर शामिल है।

– उधर, राजस्थान के भरतपुर में भी घने कोहरे के दौरान ट्रक और बुलेरो की टक्कर हो गई। हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौत हुई, जो अलवर से गोवर्धन परिक्रमा के लिए मथुरा जा रहे थे। मरने वालों में एक महिला और बच्चा भी शामिल है। 5 अन्य जख्मी हुए हैं।
– पुलिस के मुताबिक, दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी, भिड़ंत के बाद बुलेरो के परखच्चे उड़ गए।