Faridabad/Alive News: एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल प्रांगण में “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान” के तहत आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर बड़खल विधायक धनेश अदलखा भी मौजूद रहे।
राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को ‘नारी शक्ति’ के रूप में नई पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया और जन-धन योजना में महिलाओं की अग्रणी भागीदारी है। लगभग 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर ग्रामीण भारत में बदलाव ला रही हैं, जिनमें से एक करोड़ से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” पहल से आर्थिक रूप से सशक्त बनी हैं।
उन्होंने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के तहत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर नीति निर्धारण में उनकी भागीदारी को सशक्त बनाया गया है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी महिलाएं नई ऊंचाईयों को छू रही हैं, जिसका प्रमाण चंद्रयान-3 मिशन में 50 से अधिक महिला वैज्ञानिकों और इंजीनियरों का योगदान है।
गुर्जर ने बताया कि ‘नमो ड्रोन दीदी योजना’ के माध्यम से महिलाओं को आधुनिक ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत अब तक 4 करोड़ से अधिक माताओं को डी बी टी के माध्यम से 19,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि दी जा चुकी है। “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान” में महिलाओं के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें एनीमिया, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, कैंसर जांच, मातृ-शिशु देखभाल और पोषण परामर्श जैसी सेवाएं शामिल हैं।
बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा से जुड़ा हुआ है। इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण वितरित किए गए और “निक्षय मित्र अभियान” के तहत जरूरतमंद टीबी मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराई गई।

