May 19, 2024

रिश्वत लेते नगर निगम के दो अधिकारी काबू, शिकायत मिलने पर हुई कार्यवाही

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद नगर निगम का सुर्खियों में बने रहना कोई बड़ी बात नहीं है। विजिलेंस विभाग की टीम ने बल्लभगढ़ नगर निगम कार्यालय पर कार्रवाई करते हुए दो बड़े अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। विजिलेंस विभाग के एसपी अभिषेक जोरवाल की मानें तो विजिलेंस विभाग को शिकायत मिली थी कि सेक्टर 3 में रेहडी लगाने के एवज में नगर निगम में तैनात जूनियर इंजीनियर नसीम और क्लर्क ओमवीर ने महिला शिकायतकर्ता से 12 हजार रुपए की रिश्वत मांगी हैं।

  विजिलेंस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि पहले उससे नसीम और ओमवीर ने रेहड़ी लगाने की एवज में 15 रुपए की मांग की थी। लेकिन बाद में मामला 12 हजार रुपये पर आकर सिमट गया। महिला की शिकायत के बाद विजिलेंस विभाग ने एक टीम गठित की और दोनों अधिकारियों को जाल बिछाकर 12 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। फ़िलहाल दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।