June 6, 2026

डबुआ हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी

Faridabad/Alive News: डबुआ इलाके में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा DLF की टीम ने की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भविष्य उर्फ पी और विशाल उर्फ पुलिसिया, दोनों निवासी डबुआ कॉलोनी, के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी पवन कुमार ने शिकायत दी थी कि 4 मार्च को उसका छोटा भाई संजीव कुमार अपने एक दोस्त से मिलने जा रहा था। जब वह रतिराम मार्ग स्थित शुक्ला आटा चक्की के पास पहुंचा, तो वहां मौजूद कुछ युवकों—बादल, राधे, सन्नी, बिल्ला, करण और अन्य ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल संजीव को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 15 मार्च को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जांच में सामने आया कि संजीव ने आरोपी बादल की बहन के साथ बदतमीजी की थी। इसी बात को लेकर बादल और उसके साथियों ने रंजिश में आकर संजीव की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में पहले ही राधे और सन्नी को गिरफ्तार किया जा चुका है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों नए आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।